हाईवे किनारे आठ बिस्वा बेशकीमती भूमि से हटाया अतिक्रमण, टीनशेड और कच्ची दीवार ध्वस्त
पूर्वाचल राज्य
वाराणसी। नगर निगम ने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को कंदवा क्षेत्र में करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की आठ बिस्वा भूमि को कब्जामुक्त करा लिया। हाईवे से सटी इस बेशकीमती जमीन पर भूसा रखकर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे निगम के प्रवर्तन दल ने ध्वस्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार कंदवा स्थित आराजी संख्या 918 घ पर कुछ लोगों ने कच्ची दीवार खड़ी कर अस्थायी टीनशेड बना लिया था। जमीन के एक हिस्से में भूसा रखा जा रहा था, जबकि शेष हिस्से पर भी अतिक्रमण कर कब्जा जमाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।
यह विवाद लंबे समय से चकबंदी अधिकारी, बंदोबस्त अधिकारी और उपसंचालक चकबंदी न्यायालय में विचाराधीन था। हाल ही में न्यायालय ने सभी पक्षों को सुनने के बाद उक्त भूमि को बंजर एवं शासकीय संपत्ति घोषित कर दिया। शहरी सीमा में आने के कारण न्यायालय के आदेश के बाद जमीन का स्वामित्व नगर निगम को प्राप्त हो गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त संगम लाल तथा सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल और अतिक्रमण दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने अवैध टीनशेड और कच्ची दीवारों को हटाकर पूरी जमीन को कब्जामुक्त करा लिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम लगातार ऐसी संपत्तियों को चिह्नित कर कार्रवाई कर रहा है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।










