वाराणसी। रविंद्रपुरी स्थित विश्वविख्यात सिद्धपीठ बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड में शारदीय नवरात्र का पर्व नवमी कन्या पूजन एवं भैरव पूजन के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और मां सर्वेश्वरी की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पीठाधीश्वर परम पूज्य अघोराचार्य महाराजश्री बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी की अगुवाई एवं मार्गदर्शन में नवमी पूजन का विधिवत शुभारंभ हुआ। आश्रम में साफ-सफाई एवं दैनिक आरती-पूजन के बाद नौ कन्याओं को विधिवत श्रृंगार कर देवी स्वरूप में तथा एक बालक को भैरव स्वरूप में प्रतिष्ठित कर आसन पर विराजमान कराया गया।
पीठाधीश्वर जी ने स्वयं सभी नौ देवी स्वरूप कन्याओं एवं भैरव स्वरूप बालक के चरण पखारे। इसके बाद विधि-विधान से कन्याओं एवं भैरव बाबा का पूजन-अर्चन कर आरती की गई। विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित कर कन्याओं एवं भैरव स्वरूप बालक को प्रसाद ग्रहण कराया गया। श्रद्धालुओं ने चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे पूजन कार्यक्रम के दौरान ‘जय मां सर्वेश्वरी’ एवं ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा आश्रम परिसर गूंजता रहा। नवरात्र पूजन के आचार्य श्री प्रकाश जी सहित सैकड़ों भक्तजन इस धार्मिक अनुष्ठान में उपस्थित रहे।पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं ने पीठाधीश्वर जी का दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड में नवरात्र एवं नवमी कन्या पूजन का विशेष महत्व है। इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से साधक, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। नौ कन्याओं को देवी स्वरूप तथा बालक को भैरव स्वरूप मानकर किया जाने वाला पूजन अघोर परंपरा की विशिष्ट धार्मिक मान्यताओं एवं आध्यात्मिक भावनाओं को अभिव्यक्त करता है।
बाबा कीनाराम स्थल क्रीं-कुण्ड में नवमी कन्या एवं भैरव पूजन के साथ शारदीय नवरात्र संपन्न










