इमलिया गांव के पास हुआ हादसा, छह माह पहले ही हुई थी सुजीत की शादी; परिवार में मचा कोहराम
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत इमलिया गांव के पास मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सुजीत गोड़ (25) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, अर्नव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि यश का उपचार पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अल्लोपुर निवासी सुजीत गोड़ पुत्र शिवधनी गोड़ वाराणसी स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। मंगलवार शाम वह काम से घर लौट रहा था। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर इमलिया गांव के पास वह अपने घर की ओर मुड़ रहा था, तभी चोलापुर की तरफ से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर अर्नव (26 वर्ष) और यश (24 वर्ष) निवासी ग्राम सभा भिदुर सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। परिजन घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सुजीत की मौत हो गई। अर्नव की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे शहर के एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जबकि यश का इलाज पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में जारी है।
छह माह पहले हुई थी शादी, परिवार में पसरा मातम
सुजीत दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई सरकारी नौकरी करता है। ग्रामीणों के अनुसार, सुजीत की शादी करीब छह माह पहले ही हुई थी। घर लौटते समय हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। सुजीत की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में मातम पसरा हुआ है।










