Home / Uncategorized / सोनभद्र के 160 विद्यार्थी पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर आईआईटी दिल्ली रवाना

सोनभद्र के 160 विद्यार्थी पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर आईआईटी दिल्ली रवाना

डीएम चर्चित गौड़ और सीडीओ जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, आईआईटी दिल्ली से लेकर राष्ट्रपति भवन तक देखेंगे शैक्षणिक व ऐतिहासिक स्थल

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

सोनभद्र। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जनपद के चार पीएम श्री विद्यालयों के 160 छात्र-छात्राओं का दल रविवार को पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर आईआईटी दिल्ली के लिए रवाना हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है।

शैक्षणिक भ्रमण में राजकीय इंटर कॉलेज कोन, राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी और राजकीय इंटर कॉलेज चपकी के 40-40 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। 25 से 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थी आईआईटी दिल्ली, नेहरू प्लैनेटेरियम, राष्ट्रपति भवन और नेशनल साइंस सेंटर सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।

इस दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक, अंतरिक्ष विज्ञान और देश की ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। भ्रमण से उन्हें उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों को समझने और भविष्य में बेहतर करियर के लिए प्रेरित होने में भी मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के ज्ञान और अनुभव को व्यापक बनाते हैं। इससे उनमें जिज्ञासा, वैज्ञानिक सोच और नई चीजें सीखने की प्रवृत्ति विकसित होती है। साथ ही प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों को करीब से देखने से विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिलती है।

जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने जिला समन्वयक समग्र शिक्षा अरविंद सिंह चौहान को भ्रमण का नोडल अधिकारी नामित किया है। विद्यार्थियों की देखरेख और भ्रमण के सुचारु संचालन के लिए संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों को भी दल के साथ भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *