Home / Uncategorized / चंदौली -धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में शुक्रवार को घर की सफाई करते समय करंट लगने से एक बीएसएफ जवान की मौत

चंदौली -धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में शुक्रवार को घर की सफाई करते समय करंट लगने से एक बीएसएफ जवान की मौत

चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में शुक्रवार को घर की सफाई करते समय करंट लगने से एक बीएसएफ जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आनंद कुमार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक जानकारी लेने के बाद पंचनामा की कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार सुबह धानापुर थाना क्षेत्र के गुरैनी गंगा घाट पर जवान को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
बताया गया है कि आनंद कुमार तीन वर्ष पहले बीएसएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ में थी। वह अपने तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाइयों के नाम प्रिंस कुमार और अवनीश कुमार हैं। उनके पिता राम बचन यादव किसान हैं और मां का नाम बिंदु देवी है। आनंद कुमार अविवाहित थे।
ग्रामीणों ने बताया कि आनंद कुमार मिलनसार स्वभाव के थे। बीएसएफ में भर्ती होने पर गांव में उत्साह का माहौल था। उनके निधन से गांव में शोक व्याप्त है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *