17.52 करोड़ की परियोजना का महापौर और दक्षिणी विधायक ने किया शिलान्यास, तीन वार्डों के हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। नगर निगम शहर की सीवरेज और जल निकासी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के आदमपुर जोन में 17.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली महत्वपूर्ण सीवर एवं जल निकासी परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं दक्षिणी विधायक तथा पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने संयुक्त रूप से इस योजना का शुभारंभ किया।
जैतपुरा स्थित वॉर्ड संख्या-93 के बंगाली बाबू के बगीचे में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलापट्ट का अनावरण किया गया तथा नारियल फोड़कर कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही।
इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत औसानगंज चौराहे से शुरू होकर ईश्वरगंगी, नाटी इमली और धूपचंडी होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक लगभग 2010 मीटर लंबी नई सीवर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना अगले छह महीने में पूर्ण कर ली जाएगी। इसके पूरा होने के बाद शहर के कई घनी आबादी वाले क्षेत्रों को जलजमाव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलेगी।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में काशी के आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में नागकुआ, जैतपुरा, छमुहानी, डिगिया, राजापुरा, ईश्वरगंगी और नाटी इमली क्षेत्रों में जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई सीवर लाइन बनने के बाद इन क्षेत्रों की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से विशेष रूप से बागेश्वरी वार्ड, ईश्वरगंगी वार्ड और धूपचंडी वार्ड के हजारों नागरिक सीधे लाभान्वित होंगे। नगर निगम का उद्देश्य काशी को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करना है। सीवर लाइन विस्तार की यह योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार वाराणसी के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि काशी में सड़क, सीवर, पेयजल, घाट और अन्य नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद आदमपुर जोन की सीवरेज व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम का संचालन राजेश सेठ ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन मध्यमेश्वर मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता ‘बंटी’ ने किया। इस अवसर पर पार्षद विवेक चंद्र जायसवाल, सुरेश कुमार चौरसिया, रोहित जायसवाल, संजय विशंभरी, मनोज यादव, श्रवण गुप्ता, अनंत राज गुप्ता, अमरेश गुप्ता, इंजीनियर अशोक यादव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। रिपोर्ट: नवीन प्रकाश सिंह










