महापौर और नगर आयुक्त ने सौंपे नियुक्ति पत्र, पारदर्शिता और निष्ठा से कार्य करने का दिया संदेश
जिला संवाददाता पूर्वांचल राज्य।
नगर निगम द्वारा शहर की विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से 17 तकनीकी सहायकों (जेई) की आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्ति की गई। शुक्रवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नवनियुक्त तकनीकी सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
नगर निगम के सामान्य अभियंत्रण विभाग में इन तकनीकी सहायकों के शामिल होने से शहर के बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर महापौर ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि युवा तकनीकी सहायकों के जुड़ने से निगम के विकास कार्यों और तकनीकी व्यवस्थाओं को और अधिक गति एवं मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी कर्मियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
महापौर ने कहा कि वाराणसी शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है, ऐसे में तकनीकी रूप से दक्ष कार्यबल की आवश्यकता लगातार बढ़ रही थी। 17 तकनीकी सहायकों की तैनाती के बाद वार्डों में सड़कों, नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की निगरानी अब और बेहतर तरीके से की जा सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए कर्मियों की क्षमताओं का पूरा उपयोग करते हुए लंबित विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए।
कार्यक्रम में उपसभापति नरसिंह दास, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आरके सिंह तथा सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव सहित अभियंत्रण विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










