व्यापारिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं व सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, वाराणसी।
उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बनाए जाने के बाद माननीय हंसराज विश्वकर्मा के प्रथम काशी आगमन पर गुरुवार को वाराणसी में जगह-जगह भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेंटर जेल रोड से लेकर हरहुआ हाईवे तक व्यापारिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संस्थाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सेंटर जेल रोड पर आयोजित मुख्य स्वागत समारोह में वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा, ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वी पाल सिंह, भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजीव वर्मा तथा भाजपा युवा मोर्चा महानगर पूर्व के सदस्य मनोज आनंद सहित अनेक व्यापारी नेताओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा को दुपट्टा, अंगवस्त्र एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे और जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। व्यापारिक समाज एवं काशीवासियों में मंत्री के स्वागत को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
हरहुआ हाईवे मार्ग स्थित हनुमान मंदिर के पास भी राष्ट्रीय सनातन संघ एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर राज्यमंत्री का स्वागत किया।
हरहुआ में पार्टीजनों और दानगंज व्यापार मंडल के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा का स्वागत करते हुए भाजपा चोलापुर मंडल के उपाध्यक्ष अरविन्द सेठ भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि यह सम्मान पार्टी और संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा ब्लाक प्रमुख विनोद उपाध्याय, देवेंद्र पांडेय, नागेश्वर सिंह, योगेश श्रीवास्तव, सूरज चौधरी, रामदेव पटेल, अरुण पाठक, अनिल मिश्रा, राजनाथ पांडेय उर्फ मलई गुरु, विजय शंकर चौबे, संतोष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










