पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/बृजमनगंज।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना बीते गुरुवार रात करीब 9 बजे ग्राम विशुनपुर अदरौना में हुई थी। पुरानी रंजिश को लेकर रामफल उर्फ पोल्हई और भगौती यादव पक्ष के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।
इस बावत थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम पक्ष की तहरीर के आधार पर भगौती यादव समेत 10 नामजद एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मु0अ0सं0 126/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2) एवं 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर रामफल समेत सात लोगों के खिलाफ मु0अ0सं0 127/2026 के तहत धारा 109(1), 191(2), 191(3), 190, 115(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
मारपीट की घटना में प्रथम पक्ष से धर्मेंद्र पुत्र रामसेवक, पिंटू पुत्र रामफल तथा रामफल पुत्र स्वर्गीय महेश घायल हुए हैं। जबकि द्वितीय पक्ष से शिवकुमार एवं भगौती, दोनों पुत्र रामसमुझ, घायल बताए गए हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रथम पक्ष से रामफल उर्फ पोल्हई पुत्र स्वर्गीय महेश निवासी विशुनपुर अदरौना को गिरफ्तार किया। वहीं द्वितीय पक्ष से भगौती पुत्र रामसमुझ निवासी विशुनपुर अदरौना, रोहन पुत्र श्रीधर पटेल निवासी दुर्गापुर, अभिषेक मिश्रा पुत्र अरविंद मिश्रा निवासी शिवपुर तथा बैजनाथ यादव पुत्र नोखई निवासी विशुनपुर अदरौना ओझा टोला को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, उप निरीक्षक पंकज वर्मा, हेड कांस्टेबल हृदय राम यादव, कांस्टेबल कुलदीप यादव, संदीप गौतम, सोनू यादव तथा धर्मेंद्र कुमार यादव शामिल रहे।
महराजगंज में मारपीट के मामले में 5 वांछित गिरफ्तार, बृजमनगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई










