Home / Uncategorized / मुख्यमंत्री योगी ने 208 करोड़ की 79 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले— अब पिछड़ेपन की पहचान नहीं रहा महराजगंज

मुख्यमंत्री योगी ने 208 करोड़ की 79 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले— अब पिछड़ेपन की पहचान नहीं रहा महराजगंज

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने गुरुवार को महराजगंज जनपद के दौरे के दौरान 208 करोड़ रुपये लागत की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, कृषि यंत्र, टूलकिट, चेक तथा आवास की प्रतीकात्मक चाभियां वितरित कीं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन भी किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते नौ वर्षों में महराजगंज सहित पूरा पूर्वांचल तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी पिछड़ेपन की पहचान माना जाता था, वह आज विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। मुख्यमंत्री ने नौतनवा, गोरखपुर और ठूठीबारी को जोड़ने वाले सड़क नेटवर्क, निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग, रोहिन बैराज तथा बनैलिया देवी मंदिर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
मुख्यमंत्री ने भारत-नेपाल संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच “रोटी-बेटी” का संबंध सदियों पुराना है। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को सरकार प्राथमिकता दे रही है ताकि नागरिकों को आवागमन और अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि एक समय पूर्वांचल में जेई और एईएस जैसी गंभीर बीमारियों के कारण बच्चों की मौत बड़ी चुनौती थी, लेकिन सरकार के लगातार प्रयासों से अब इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पूर्वांचल के बच्चों को इस गंभीर संकट से मुक्ति दिलाने का कार्य किया है।
वनटांगिया गांवों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक उपेक्षित रहे इन गांवों को अब पहचान और अधिकार दोनों प्राप्त हुए हैं। यहां के लोगों को राशन कार्ड, मतदाता सूची में नाम तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही इन गांवों को राजस्व ग्रामों जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
प्रदेश के युवाओं की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का नौजवान प्रदेश के बाहर अपनी पहचान बताने में गर्व महसूस करता है। उन्होंने बताया कि महराजगंज के सैकड़ों युवाओं ने हाल ही में हुई पुलिस भर्ती में सफलता प्राप्त कर प्रदेश पुलिस में अपनी जगह बनाई है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से खाद्यान्न, बिजली, पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील की। किसानों से रासायनिक उर्वरकों के सीमित उपयोग तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए उन्होंने खाद्यान्न की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इससे पूर्व नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान विधायक के गृह प्रवेश एवं अखंड रामायण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्रा, विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह, विधायक जयमंगल कन्नोजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *