पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद के एक दिव्यांग दम्पति ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिलकर राशन कार्ड बनवाने की मांग की। दम्पति ने बताया कि अत्यंत गरीब होने के बावजूद उनके पास राशन कार्ड नहीं है, जिससे उन्हें सरकारी राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा और भोजन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नवानगर ब्लॉक क्षेत्र के करमौता गांव निवासी रविंद्र कुमार और उनकी पत्नी शीला देवी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। रविंद्र कुमार दोनों पैरों से दिव्यांग हैं, जबकि शीला देवी एक पैर से दिव्यांग हैं और बैसाखी के सहारे चलती हैं। दम्पति ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। शीला देवी ने पत्रक में कहा कि राशन कार्ड न होने के कारण उन्हें खाने-पीने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से उनकी स्थिति को देखते हुए लाल राशन कार्ड जारी करने की मांग की, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और जीवन यापन सुचारु रूप से हो सके। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दम्पति की समस्या सुनने के बाद मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
राशन कार्ड के लिए दिव्यांग दम्पति ने डीएम से लगाई गुहार










