पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी। जंसा थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथी बाजार स्थित एक कम्पोजिट मदिरा दुकान पर छापेमारी कर अपमिश्रित शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब तैयार कर बेचने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर की गई छापेमारी में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बृजेश पुत्र सुरेश (33 वर्ष) निवासी मुनारी, थाना चौबेपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की नकली क्यूआर कोड लगी शराब की बोतलें तथा कुल 14.515 बल्क लीटर अपमिश्रित शराब बरामद की गई।
बरामद शराब में रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की, आइकोनिक व्हाइट व्हिस्की तथा स्टरकिंग रिजर्व वी-7 ब्रांड की बोतलें शामिल हैं। जांच के दौरान शराब की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड संदिग्ध पाए गए। आबकारी विभाग के स्कैनर और अल्कोहल मीटर से परीक्षण करने पर पुष्टि हुई कि कई बोतलों में शराब की मात्रा निर्धारित मानक से कम थी तथा उन पर नकली क्यूआर कोड लगाए गए थे।
पूछताछ में अभियुक्त बृजेश ने बताया कि वह अनुज्ञापी नंद किशोर और अपने साथी त्रिलोकी जायसवाल के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को संचालित करता था। आरोपी पुरानी शराब की बोतलों में शराब में पानी मिलाकर भरते थे और फिर नकली ढक्कन व क्यूआर कोड लगाकर ग्राहकों को बेचते थे।
फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं तथा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।










