पूर्वांचल राज्य संवाददाता :दिनेश तिवारी
सोनभद्र। पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत तुर्रा स्थित मुरलीगड़ी वार्ड नंबर 8 में सरकारी भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर गुमटी रखकर दुकान संचालन किए जाने का मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों में इस पूरे प्रकरण को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। क्षेत्रवासियों ने मामले की शिकायत अधिशासी अभियंता, रिहंद सिविल अनुरक्षण खंड, उत्तर प्रदेश जल विद्युत उत्पादन, तुर्रा पिपरी से करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय सूत्रों एवं शिकायतकर्ताओं के अनुसार वार्ड निवासी तसरूम निशा द्वारा लंबे समय से मकान निर्माण कर उन्हें बेचने का कार्य किया जा रहा है। वहीं क्षेत्र की खाली पड़ी जमीनों पर कथित रूप से दुकानें एवं अन्य निर्माण कर बेचने की भी चर्चा स्थानीय स्तर पर की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की समस्या और गंभीर हो सकती है। साथ ही इससे राजस्व को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक बीती रात संबंधित भूमि पर एक गुमटी रखी गई और अगले ही दिन उसमें सामान रखकर दुकानदारी शुरू कर दी गई इसकी जानकारी होते ही आसपास के लोगों में नाराजगी फैल गई और मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी प्राप्त की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस प्रशासन ने संबंधित भूमि के स्वामित्व एवं वैध कब्जे से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर कोई वैध कागजात नहीं दिखाए जा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को अगले दिन थाने पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि कथित रूप से रखी गई गुमटी को तत्काल हटाया जाए तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। लोगों ने यह भी सुझाव दिया कि उक्त भूमि पर विभाग द्वारा पौधारोपण कराया जाए अथवा किसी सार्वजनिक एवं विभागीय कार्य में उपयोग किया जाए, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जे जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि सरकारी भूमि सुरक्षित रह सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।









