Home / Uncategorized / वाराणसी किराना व्यापार समिति (रजि.) का चुनाव 21 मई को

वाराणसी किराना व्यापार समिति (रजि.) का चुनाव 21 मई को

चुनाव को लेकर आयोजित हुई महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता।

व्यापारियों की एकता और हितों पर दिया गया विशेष जोर।

 

 

वाराणसी। वाराणसी किराना व्यापार समिति (रजि.) कतुआपुरा, विश्वेश्वरगंज द्वारा आगामी समिति चुनाव को लेकर विश्वेश्वरगंज स्थित एक सभागार में महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। मौके पर मुख्य रूप से वर्तमान अध्यक्ष एवं अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार पाण्डेय ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि वाराणसी किराना व्यापार समिति (रजि.) का चुनाव आगामी 21 मई 2026, गुरुवार को केशरवानी धर्मशाला, विश्वेश्वरगंज में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि चुनावी प्रक्रिया दोपहर 1:00 बजे से प्रारंभ होकर शाम 6:00 बजे तक चलेगी। इसके बाद मतगणना की जाएगी तथा विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि समिति का चुनाव लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भाईचारे के वातावरण में होना चाहिए। उन्होंने सभी प्रत्याशियों एवं व्यापारियों से चुनाव के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द कायम रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत व्यापारियों की एकता है और यदि सभी व्यापारी संगठित होकर कार्य करें तो व्यापारिक समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विश्वेश्वरगंज क्षेत्र वाराणसी का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों व्यापारी अपने व्यापारिक कार्यों में संलग्न रहते हैं। ऐसे में व्यापारियों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना समिति की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समिति लगातार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए कार्य कर रही है और भविष्य में भी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करती रहेगी।
मनोज कुमार पाण्डेय ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बाजार व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, जाम, पार्किंग, साफ-सफाई एवं व्यापारिक सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं व्यापारियों के सामने मौजूद हैं। समिति इन सभी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठा रही है तथा उनके स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारियों का पुनः समर्थन प्राप्त होता है तो संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाएगा।
महामंत्री पद के प्रत्याशी अशोक कसेरा ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए तत्परता से कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि समिति को और अधिक संगठित एवं मजबूत बनाकर व्यापारियों की आवाज को प्रशासन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों को एक मजबूत संगठन की आवश्यकता है, जो उनके अधिकारों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाए।
अशोक कसेरा ने कहा कि व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए नई योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने बाजार क्षेत्र में बेहतर समन्वय, व्यापारियों के बीच संवाद तथा संगठनात्मक मजबूती पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि समिति का प्रत्येक पदाधिकारी व्यापारियों के प्रति जवाबदेह होना चाहिए और संगठन का कार्य पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ किया जाना चाहिए।
कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय जायसवाल ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसकी आर्थिक पारदर्शिता पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि समिति की आर्थिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाया जाएगा ताकि व्यापारियों का विश्वास संगठन पर और मजबूत हो सके। उन्होंने व्यापारियों से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश डोडवानी ने व्यापारियों की एकता को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि सभी व्यापारियों को व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने भी संगठन की मजबूती एवं व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रत्याशियों ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ चुनाव संपन्न कराने का संकल्प दोहराया तथा सभी व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *