पूर्वाचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट स्थित मुर्धवा मोड़ तिराहे पर मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला गांव निवासी बलवंत पुत्र विजय सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलवंत मंगलवार शाम किसी जरूरी काम से रेणुकूट की ओर आ रहा था। जैसे ही वह मुर्धवा मोड़ तिराहे के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में पड़े युवक को तुरंत उपचार के लिए हिंडालको चिकित्सालय पहुंचाया गया। साथ ही उसके परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का इलाज शुरू किया, लेकिन चोटें अत्यधिक गंभीर होने के कारण देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर रेणुकूट चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल ट्रक चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से ट्रक की पहचान करने में जुटी हुई है। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वाहन की पहचान होते ही चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मुर्धवा मोड़ तिराहे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।










