वाराणसी | अमित पाठक की रिपोर्ट
भीषण गर्मी और नौतपा की शुरुआत को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर न्यास की ओर से धाम परिसर में दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने हेतु विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
धाम परिसर और कतार मार्ग में विभिन्न स्थानों पर जर्मन हैंगर और कैनोपी लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु तेज धूप और लू से सुरक्षित रह सकें। इसके साथ ही जर्मन हैंगर और टेंसाइल स्ट्रक्चर के भीतर मिस्ट फैन भी लगाए गए हैं, जिससे कतार में खड़े श्रद्धालुओं को ठंडक मिल सके।
बच्चों और श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
मंदिर न्यास ने छोटे बच्चों और परिवार के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए बिस्कुट वितरण की व्यवस्था भी की है। वहीं गर्मी और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए धाम परिसर में विभिन्न स्थानों पर ORS, ग्लूकोज और गुड़ उपलब्ध कराया जा रहा है।
धाम परिसर में कुल 19 स्थानों पर शुद्ध एवं ठंडे पेयजल के वाटर कूलर लगाए गए हैं, जबकि 10 स्थानों पर पोर्टेबल वाटर काउंटर बनाए गए हैं। कतार में खड़े श्रद्धालुओं को गर्म फर्श से राहत देने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले जूट मैट भी बिछाए गए हैं।
लगातार हो रही सफाई और सैनिटाइजेशन
मंदिर प्रशासन ने संपूर्ण धाम क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की विशेष तैनाती की है। नियमित साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन का कार्य लगातार जारी है ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
नौतपा में बाबा का विशेष श्रृंगार
25 मई 2026 से प्रारंभ हो रहे नौतपा काल के दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार और अभिषेक विभिन्न फलों के रस और शीतल पेय पदार्थों से किया जाएगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार यह आयोजन सनातन परंपरा और धार्मिक विधि-विधान के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा।
श्रद्धालुओं से अपील
मंदिर न्यास ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि दर्शन के दौरान प्रशासन और मंदिर कर्मियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा संयम और श्रद्धा के साथ बाबा के दर्शन करें।









