पूर्वाचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र। पूर्वाचल विद्युत वितरण खंड पिपरी अंतर्गत रेणुकूट स्थित शिवपार्क काली मंदिर के पास एनएच-39 नेशनल हाईवे के बीचों-बीच बिजली पोल पर चल रहे कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। इस दौरान संविदा लाइनमैन और मिस्त्री बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के विद्युत पोल पर कार्य करते दिखाई दिए, जिससे बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार हाईवे किनारे स्थित बिजली पोल पर मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य किया जा रहा था, लेकिन मौके पर कार्यरत कर्मचारियों के पास आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे सेफ्टी बेल्ट, ग्लव्स और अन्य सुरक्षात्मक संसाधन मौजूद नहीं थे। बिना सुरक्षा साधनों के ऊंचाई पर विद्युत कार्य किए जाने से किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इस प्रकार की लापरवाही पहले भी कई बार देखने को मिल चुकी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी संविदा कर्मियों से जोखिम भरा कार्य तो करवाते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जाती।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि कार्य के दौरान कोई अनहोनी घटना घटती है तो जिम्मेदारी तय करने में विभागीय स्तर पर अक्सर टालमटोल की स्थिति देखने को मिलती है, जिससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बिजली विभाग विद्युत कार्यों में लगे सभी कर्मचारियों को मानक के अनुरूप सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए और कार्यस्थलों पर सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करे।
साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो।
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोग बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










