पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली ) पल्टू मिश्रा
महराजगंज में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 लोडर, 2 जेसीबी और 2 डम्पर पकड़े गए
महराजगंज, 26 मई 2026। जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग, निगरानी और छापेमारी की गई, जिसमें अवैध खनन में संलिप्त कुल 24 वाहनों को पकड़कर सीज कर दिया गया।
संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 लोडर, 2 जेसीबी मशीन तथा 2 डम्पर को अवैध रूप से मिट्टी और बालू खनन एवं परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन चालकों और स्वामियों से खनन अनुमति एवं परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद सभी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार सीज की कार्रवाई करते हुए आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमों ने नदी तटों, निर्माणाधीन क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसमें शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि अवैध खनन से न केवल सरकार को राजस्व की भारी क्षति होती है, बल्कि पर्यावरण संतुलन और कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए पूरे जनपद में लगातार अभियान चलाकर खनन माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन, अवैध परिवहन या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। इस बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन का सख्त संदेश साफ दिखाई दे रहा है।









