पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र शक्ति नगर थाना क्षेत्र के खड़िया इलाके में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका की पहचान आशा देवी पत्नी महेंद्र गुप्ता के रूप में हुई है। आरोपी पति महेंद्र गुप्ता पुत्र दशरथ गुप्ता मूल रूप से ओबरा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में खड़िया इलाके में किराये के मकान में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उस समय आरोपी शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने कथित रूप से गमछे से पत्नी का गला दबा दिया।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल आशा देवी को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
वहीं आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे खड़िया इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग घरेलू हिंसा और शराब के कारण बढ़ती घटनाओं पर चिंता जता रहे हैं।










