Home / Uncategorized / थाना प्रभारी राजेश चौबे की टीम ने कथित बाल विवाह गिरोह का किया पर्दाफाश, 02 को धर दबोचा

थाना प्रभारी राजेश चौबे की टीम ने कथित बाल विवाह गिरोह का किया पर्दाफाश, 02 को धर दबोचा

पूर्वाचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

सोनभद्र स्थानीय थाना क्षेत्र में पिपरी पुलिस ने नाबालिग किशोरी के कथित अपहरण, बाल विवाह और परिजनों को धमकी देने के गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी राजेश चौबे के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम द्वारा की गई।

गुमशुदगी से शुरू हुआ मामला
पीड़ित पवन कुमार पुत्र स्व. कमाल धरिकार, निवासी मलिन बस्ती वार्ड नंबर-1 तुर्रा, थाना पिपरी ने 21 मई 2026 को अपनी पत्नी और बच्चों की गुमशुदगी की सूचना दी थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सकुशल बरामदगी के बाद सामने आया बड़ा खुलासा
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 23 मई 2026 को महिला और बच्चों को सकुशल बरामद किया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि उसे और बच्चों को कामेश्वर बैठा और बाबा जी नामक व्यक्ति बहला-फुसलाकर अलीगढ़ ले गए थे।

पीड़िता के अनुसार, वहां उसकी लगभग 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री का विवाह लोकेश नामक युवक से कथित रूप से करा दिया गया। इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर रखा गया और किसी को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0-102/2026 दर्ज किया। बाद में जांच के दौरान इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं भी जोड़ दी गईं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए 28 मई 2026 को नौकुटिया मोड़ के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान लोकेश कुमार उर्फ मुच्ची शर्मा (19 वर्ष) और कामेश्वर बैठा (59 वर्ष) के रूप में हुई है।

आर्थिक लाभ के लिए गिरोह चलाने का आरोप

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए कमजोर वर्ग की नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अन्य जिलों में ले जाकर विवाह कराते थे और इसके बदले मोटी रकम लेते थे।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

यह पूरा मामला बाल विवाह और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे अत्यंत संवेदनशील मानकर गहन जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *