Home / Uncategorized / रेणुकूट में भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में चालक गंभीर घायल, पिपरी पुलिस ने बहाल कराया यातायात

रेणुकूट में भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में चालक गंभीर घायल, पिपरी पुलिस ने बहाल कराया यातायात

पूर्वाचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेणुकूट स्थित खाड़पाथर मोड़ के समीप शुक्रवार भोर में दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कई घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डाला चौकी क्षेत्र के नौटोलिया निवासी रामभगत जिप्सम लदा ट्रक लेकर अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी, डाला की ओर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जैसे ही उनका वाहन खाड़पाथर मोड़ के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक खाली ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक ट्रक के केबिन में फंस गया।

दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय समाजसेवी विजय प्रताप सिंह ने अन्य लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन चालक केबिन में बुरी तरह फंसा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे कराने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। जिप्सम से लदे ट्रक को हटाने के लिए दूसरे इंजन की मदद लेनी पड़ी। घंटों की मेहनत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

पिपरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर यातायात व्यवस्था संभाली और आवागमन बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खाड़पाथर मोड़ पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *