Home / Uncategorized / राज्य स्तरीय जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता: हिंडाल्को (मिर्जापुर) ने बस्ती को हराया

राज्य स्तरीय जूनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता: हिंडाल्को (मिर्जापुर) ने बस्ती को हराया

पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

सोनभद्र, 30 मई 2026 (रेणुकूट)। 18 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आदित्य बिड़ला मेमोरियल राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हिंडाल्को रेणुकूट के फुटबॉल ग्राउंड में किया गया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें—बस्ती, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, आजमगढ़, अयोध्या, प्रयागराज तथा हिंडाल्को (मिर्जापुर)—प्रतिभाग कर रही हैं।

सायंकालीन सत्र में खेले गए चारों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सभी मुकाबले रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहे।
पहले मैच में हिंडाल्को (मिर्जापुर) ने बस्ती को 18-08 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में लखनऊ ने अयोध्या को 24-08 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। तीसरे मैच में वाराणसी और गोरखपुर के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें गोरखपुर ने 16-14 से जीत हासिल की। दिन के अंतिम मुकाबले में आजमगढ़ ने प्रयागराज को 17-09 से पराजित कर महत्वपूर्ण विजय दर्ज की।

प्रतियोगिता का शुभारंभ हिंडाल्को के यूनिट हेड श्री समीर नायक ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि खेल सदैव खेल भावना के साथ खेला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे, तो वह हम सभी के लिए गर्व का क्षण होगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन सच्ची खेल भावना और समर्पण ही खिलाड़ी की वास्तविक पहचान होती है।

इस अवसर पर एचआर हेड श्री अजय सिन्हा ने नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 18 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इस प्रतियोगिता का आयोजन होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। संस्था द्वारा खेलों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्राप्त हो रहा है।

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव श्री अमित पांडेय ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि आज हैंडबॉल खिलाड़ी विभिन्न सरकारी सेवाओं में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। खेल के माध्यम से युवा अपने करियर को नई दिशा और पहचान दे सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन मनोरंजनालय के इंचार्ज श्री वेद प्रकाश ने प्रभावशाली ढंग से किया। इस दौरान रिडक्शन प्लांट हेड श्री जयेश पवार, जनसंपर्क अधिकारी श्री यशवंत कुमार, मान्यता प्राप्त यूनियनों के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *