पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली)
पल्टू मिश्रा
महराजगंज-कुशीनगर बॉर्डर के टेड़वा गांव के पास मिली लाश, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
महराजगंज। महराजगंज-कुशीनगर बॉर्डर पर स्थित टेड़वा गांव के समीप शनिवार को नदी किनारे एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव नदी में उतराता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान घुघली थाना क्षेत्र के घघरूआ खण्डेसर निवासी रियाजुद्दीन अंसारी पुत्र हफीजुल्लाह के रूप में हुई है। शनिवार दोपहर कुछ ग्रामीणों ने नदी में एक शव उतराता देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान सुनिश्चित की। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्र में शव मिलने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।










