Home / Uncategorized / धड़ाधड़ कार्रवाई: अवैध बालू से लदे दो ओवरलोड ट्रक सीज, घुघली पुलिस का बड़ा एक्शन

धड़ाधड़ कार्रवाई: अवैध बालू से लदे दो ओवरलोड ट्रक सीज, घुघली पुलिस का बड़ा एक्शन

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घुघली पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरलोड बालू से लदे दो ट्रकों को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना घुघली पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बेलवाटीकर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UP 57 BT 8508 तथा UP 41 AT 2700 को रोककर जांच की गई। जांच में दोनों ट्रकों पर ओवरलोड सफेद बालू लदा मिला। वाहन चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सके।
इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। मामले की जानकारी आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खनन विभाग को भी दे दी गई है।
इस अभियान का नेतृत्व प्रभारी एआरटीओ मनोज सिंह और थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने किया। कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, हेड कांस्टेबल सत्यपाल यादव, कांस्टेबल रतन जायसवाल तथा कांस्टेबल उज्ज्वल दीक्षित भी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *