Home / Uncategorized / 51 ठेकेदारों की मौजूदगी में पुलिस लाइन की कबाड़ संपत्तियों की खुली नीलामी, गोरखपुर के विकास सिंह ने मारी बाजी

51 ठेकेदारों की मौजूदगी में पुलिस लाइन की कबाड़ संपत्तियों की खुली नीलामी, गोरखपुर के विकास सिंह ने मारी बाजी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। पुलिस लाइन महराजगंज में रविवार को अनुपयोगी एवं निष्प्रयोज्य राजकीय सम्पत्तियों की खुली नीलामी पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराई गई। पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित इस नीलामी प्रक्रिया में जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से आए 51 पंजीकृत ठेकेदारों ने हिस्सा लिया। प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में हुई नीलामी के दौरान राजकीय सम्पत्तियों के अधिकतम मूल्य प्राप्त करने का प्रयास किया गया।
नीलामी कार्यवाही की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी लाइन श्री अनिरुद्ध कुमार ने की। इस दौरान पुलिस विभाग की विभिन्न श्रेणियों की अनुपयोगी सामग्री को खुली बोली के माध्यम से नीलाम किया गया। नीलामी में मेज, कुर्सी, आलमारी, बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, लाठी-डंडा समेत अन्य राजकीय सामग्री शामिल रही। इसके अलावा कम्प्यूटर, प्रिंटर, फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन, कैमरा, सीलिंग फैन, पैडिस्टल फैन, बैटरी और ड्रैगन लाइट जैसे इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी नीलामी सूची में शामिल किए गए।
वर्दी संबंधी अनुपयोगी सामान, खेलकूद सामग्री जैसे हैंडबॉल, बास्केटबॉल, क्रिकेट पैड, ग्लव्स तथा अन्य खेल उपकरणों के साथ-साथ मेस में प्रयुक्त विभिन्न पात्र और दंगा निरोधक उपकरणों को भी नीलामी प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया।
नीलामी में शामिल सभी प्रतिभागियों को निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार स्वतंत्र रूप से बोली लगाने का अवसर दिया गया। पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में संपन्न हुई। खुली बोली के दौरान गोरखपुर जनपद के बेलीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत भऊआपार निवासी विकास सिंह पुत्र रवि प्रकाश सिंह ने सर्वाधिक बोली लगाकर सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया। नियमानुसार सर्वाधिक बोलीदाता होने के कारण उनकी बोली स्वीकृत कर संबंधित अनुपयोगी राजकीय सम्पत्तियों की नीलामी उनके पक्ष में स्वीकृत कर दी गई।
पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की नीलामी से अनुपयोगी राजकीय सम्पत्तियों का उचित मूल्य प्राप्त होता है तथा सरकारी संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन में भी सहायता मिलती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *