पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ के तहत रविवार को नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में यातायात पुलिस टीम ने थाना कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी चौराहे एवं नगर कस्बा क्षेत्र में अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की।
चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने आधुनिक ब्रिथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से संदिग्ध वाहन चालकों का परीक्षण किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
पुलिस टीम ने कई वाहन चालकों की जांच की, जिनमें ब्रिथ एनालाइजर टेस्ट में दोषी पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एम.वी. एक्ट) की सुसंगत धाराओं के तहत तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले में समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशामुक्त होकर वाहन चलाएं तथा अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। 9
‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ का चला चाबुक: शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई










