धानापुर। विकास खंड धानापुर परिसर में रविवार शाम लगभग 5 बजे आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित होने वाले हनुमान जी मंदिर वाया मिश्रान टोला संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच शिलापट्ट का अनावरण कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह सड़क परियोजना लोक निर्माण विभाग, चंदौली द्वारा वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। लगभग 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 276.59 लाख रुपये की लागत आएगी। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि इस मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा आसपास के गांवों के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। यह संपर्क मार्ग बनने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी तथा क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी, सुमन्त दास सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
शिलान्यास के दौरान उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसके पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए जनता का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
धानापुर ब्लॉक परिसर में विधायक सुशील सिंह ने किया 2.76 करोड़ की लागत वाली सड़क का शिलान्यास









