सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कई श्रेणियों में प्रदेश अव्वल
लखनऊ बना देश का नंबर-1 सोलर जिला
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
लखनऊ। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। नई दिल्ली में आयोजित “पीएम सूर्य घर पुरस्कार समारोह” में प्रदेश को विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष स्थान प्राप्त हुए, जिससे स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में उसकी अग्रणी भूमिका और मजबूत हुई है।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत देशभर में हुए सोलर इंस्टॉलेशन के आधार पर उत्तर प्रदेश को “टॉप थ्री स्टेट इंस्टॉलेशन” श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इस श्रेणी में गुजरात पहले स्थान पर रहा। प्रदेश की इस उपलब्धि को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बढ़ती जनभागीदारी और प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम माना जा रहा है।
जिला स्तर पर सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में लखनऊ ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। लखनऊ में 1,02,596 सोलर इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए, जबकि दूसरे स्थान पर रहे नागपुर में 89,255 इंस्टॉलेशन हुए। यह उपलब्धि शहरी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के तेजी से विस्तार को दर्शाती है।
इसके अलावा “वेरी हाई कंज्यूमर बेस” श्रेणी में उत्तर प्रदेश को देश में प्रथम स्थान मिला है। सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन, सर्वाधिक सोलर इंस्टॉलेशन तथा अधिकतम वेंडर रजिस्ट्रेशन जैसी महत्वपूर्ण श्रेणियों में भी प्रदेश ने शीर्ष स्थान हासिल किया है।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ऊर्जा मंत्री ने प्रदेश के अधिकारियों, वेंडरों और लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बिजली उपलब्ध कराती है, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश आने वाले समय में स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और देश में सौर ऊर्जा क्रांति का नेतृत्व करता रहेगा।










