पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी
कानपुर देहात। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने रविवार को कानपुर देहात दौरे के दौरान विपक्षी दलों और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के घटक दलों में वैचारिक एकता का अभाव है, जिससे इसका भविष्य कमजोर दिखाई दे रहा है।
पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में चौधरी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने जनता को गुमराह किया था, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हाल के चुनावों में भाजपा को मिला जनसमर्थन इसका प्रमाण है।
इंडिया गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए चौधरी ने कांग्रेस और डीएमके के लंबे राजनीतिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सत्ता से दूरी बढ़ने के साथ सहयोगी दल अलग राह चुनने लगे हैं।
दौरे के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी मुलाकात की तथा भोगनीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।










