Home / Uncategorized / वाल्मीकि तीर्थ स्थल के विकास को मिली गति, पवित्र सरोवर की सफाई पर 3.74 करोड़ रुपये होंगे खर्च

वाल्मीकि तीर्थ स्थल के विकास को मिली गति, पवित्र सरोवर की सफाई पर 3.74 करोड़ रुपये होंगे खर्च

17.72 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के तहत मंदिर परिसर, सराय और श्रद्धालु सुविधाओं का होगा आधुनिकीकरण

अमृतसर, 09 जून – ( कमल शमशेर सिंह) – भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर पंजाब सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। तीर्थ स्थल स्थित पवित्र सरोवर की सफाई और पुनर्विकास के लिए लगभग 3.74 करोड़ रुपये की विशेष परियोजना को मंजूरी दे दी गई है, जिसके तहत जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। तीर्थ स्थल श्राइन बोर्ड की एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन बाल जोगी प्रगट नाथ ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सरोवर से गाद निकालने, नई स्वच्छ रेत डालने तथा अन्य आवश्यक सुधार कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कार्य आरंभ होते ही सरोवर का स्वरूप पहले से अधिक आकर्षक और स्वच्छ दिखाई देगा। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा तीर्थ स्थल के समग्र विकास के लिए 17.72 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं लागू की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य धार्मिक स्थल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना तथा श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। योजना के तहत मुख्य मंदिर की पेंटिंग, पॉलिशिंग, मंदिर मार्ग के स्तंभों की मरम्मत और सैंड स्टोन संरचनाओं के संरक्षण पर लगभग 2.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं संगत हॉल, लंगर हॉल, सराय और पैनोरमा भवन की मरम्मत एवं रंग-रोगन के लिए 2.42 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सराय में नया फर्नीचर, एयर कंडीशनर और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिन पर लगभग 1.74 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा एसटीपी क्षमता विस्तार, बाथरूमों के नवीनीकरण, नए एसी और गीजर लगाने तथा फायर सेफ्टी सिस्टम को मजबूत करने जैसे कार्यों पर भी पांच करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। राजा सांसी विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी सोनिया मान ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाएं मानवता, समानता और सेवा का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार तीर्थ स्थल के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। सरोवर की सफाई शुरू करने से पूर्व धार्मिक परंपराओं के अनुसार पवित्र जल को विशेष गागरों में सुरक्षित रखा गया। सफाई कार्य पूरा होने के बाद इस जल को पुनः सरोवर में स्थापित किया जाएगा।इस अवसर पर सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन गरेवाल, दलित विकास बोर्ड के चेयरमैन विजय दानव, जनरल मैनेजर मधुर भाटिया, पवन दराविंद, शशि गिल, कुमार दर्शन, बाबा नछत्तर नाथ, महंत मनजीत गिर तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और विकास कार्यों के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *