वाराणसी
स्वदेशी जागरण मंच के नदेसर स्थित प्रांतीय कार्यालय में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय सह संयोजक डॉ०राजीव कुमार जी एवं क्षेत्र संयोजक श्रीमान अनुपम श्रीवास्तव जी का आगमन हुआ एवं एक बड़ी बैठक हुई, जिसमें स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्र, प्रांत, जिला एवं महानगर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सह-संयोजक डॉ राजीव कुमार ने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के नागरिकों से की गई अपील का स्वागत और समर्थन करता है, विशेष रूप से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील का। इससे विदेशी राष्ट्रों पर देश की निर्भरता कम होगी। इसके अलावा, इससे न केवल कीमती विदेशी मुद्रा की बचत होगी, बल्कि देश इन वस्तुओं की आपूर्ति में बाधाओं के कारण होने वाली कमी का प्रभावी ढंग से सामना करने में भी सक्षम होगा। स्वदेशी जागरण मंच, स्वच्छ तकनीक के निर्माण, सौर और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहनों, हरित हाइड्रोजन और परमाणु ऊर्जा को अपनाने तथा उनके घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सरकार की सराहना करता है। हम हाल ही में भारत में परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में नवाचारों को मिल रहे प्रोत्साहन को भी गर्व के साथ देखते हैं।
उन्होंने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच पूरे देश में स्वदेशी स्वावलंबन अभियान का आरम्भ करने जा रहा है जिसके अन्तर्गत उपरोक्त विषयों को आम समाज तक लेकर जाने हेतु गोष्ठियां, नुक्कड़ सभाएं, गृह सम्पर्क, स्कूल-कालेज में कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। हमारा दृढ़ विश्वास है इस अवसर का लाभ उठाते हुए भारत के देशभक्त नागरिक, वैज्ञानिक समुदाय, अकादमी, युवा, स्टार्ट-अप्स और उद्यमी इस अवसर को हाथ से नही जाने देंगे एवं विदेशी निर्भरता को कम करने और राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में अपना पूर्ण सहयोग एवं समर्थन देंगे। आज की बैठक में मुख्य रूप से सर्वश्री सत्येंद्र कुमार सिंह जी, डॉक्टर माधवी तिवारी जी, शैलेन्द्र पाण्डेय जी, कृपा शंकर सिंह जी, योगिता तिवारी जी, कृष्ण कुमार सिंह जी, स्कंद सिंह जी, नीरज चौरसिया जी, नवीन सिंह जी, प्रेम कुमार सिंह जी, रीना सिंह जी, आरती शर्मा जी, नवीन दुबे जी सहित कई स्वदेशी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










