पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र, 9 जुलाई। अपना दल (एस) की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती प्रीति सिंह राजपूत ने बुधवार को जिला विकास अधिकारी हेमंत सिंह से शिष्टाचार भेंट कर रेणुकूट क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने अवगत कराया कि रेणुकूट नगर पंचायत के अंतर्गत कई ऐसे क्षेत्र हैं जो न तो नगर पंचायत की सीमा में शामिल हैं और न ही किसी ग्राम पंचायत के दायरे में आते हैं। इन क्षेत्रों के हजारों मतदाता विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में मतदान करते हैं, लेकिन विकास योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आवास, पेयजल तथा सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की गंभीर समस्या बनी हुई है। इसके अलावा विश्वकर्मा नगर की मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति की ओर भी जिला विकास अधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया गया। उन्होंने कहा कि यह सड़क हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है, किंतु बरसात के दौरान जलभराव और सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिला विकास अधिकारी हेमंत सिंह ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने विशेष रूप से विश्वकर्मा नगर सड़क के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की बात कही।
इस अवसर पर अपना दल (एस) के विधानसभा उपाध्यक्ष दुर्गेश चौबे तथा सक्रिय सदस्य परमेश्वर चौबे भी उपस्थित रहे।










