Home / Uncategorized / श्रीमद् भागवत कथा में गूंजा “आनंद की जय बरसाने” का जयघोष, पंडित गोल्डी शर्मा ने सुनाई राधारानी की महिमा

श्रीमद् भागवत कथा में गूंजा “आनंद की जय बरसाने” का जयघोष, पंडित गोल्डी शर्मा ने सुनाई राधारानी की महिमा

श्री सनातन धर्म शिव मंदिर, पीली कॉलोनी में चल रही कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, राधा-कृष्ण भक्ति के संदेश से भाव-विभोर हुए भक्त

अमृतसर, 10 जून – (राजू वालिया) – श्री सनातन धर्म शिव मंदिर, पीली कॉलोनी, खंडवाला, अमृतसर में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के दौरान प्रसिद्ध आचार्य एवं राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित गोल्डी शर्मा ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपान करवाया। कथा के दौरान उन्होंने विशेष रूप से बरसाना धाम की महिमा का वर्णन करते हुए “आनंद की जय बरसाने” कथा का भावपूर्ण वाचन किया। पंडित गोल्डी शर्मा ने कहा कि बरसाना केवल एक तीर्थ स्थल नहीं, बल्कि राधारानी की पावन भूमि है, जहां प्रेम, भक्ति और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को बताया कि जो भक्त सच्चे मन से राधा-कृष्ण का स्मरण करता है, उसके जीवन में सुख, शांति और आनंद का संचार होता है। कथा के दौरान राधा रानी की महिमा, भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम स्वरूप तथा ब्रज की अलौकिक लीलाओं का विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया। “आनंद की जय बरसाने” प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए और पूरा वातावरण राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। कथा हमें प्रेम, सेवा, सदाचार और प्रभु भक्ति का संदेश देती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह के प्रधान अजय थापा एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने समस्त श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 15 जून तक चलने वाली इस पावन कथा में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *