बाढ़ मॉक ड्रिल-2026 सफल, नाव दुर्घटना से लेकर राहत शिविर तक हर चुनौती का हुआ लाइव अभ्यास
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज, 11 जून 2026। मानसून के दस्तक देने से पहले महराजगंज प्रशासन ने बाढ़ जैसी संभावित आपदाओं से निपटने की अपनी तैयारियों का दमदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) के निर्देशन में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद के चारों तहसीलों में बाढ़ मॉक ड्रिल-2026 का सफल आयोजन किया गया, जिसमें एनडीआरएफ, पीएसी, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व और अग्निशमन विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों ने संयुक्त रूप से अपनी तत्परता का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान अलग-अलग तहसीलों में बाढ़ से जुड़े विभिन्न आपदा परिदृश्यों का वास्तविक परिस्थितियों की तरह अभ्यास कराया गया। सदर तहसील के ग्राम पंचायत डोमरा में गांवों के चारों ओर पानी भर जाने की स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत सामग्री पहुंचाने और पुनर्वास की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
फरेंदा तहसील स्थित जयपुरिया कॉलेज में राहत शिविर, बाढ़ चौकी और फील्ड अस्पताल की स्थापना कर आपदा के दौरान भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था का अभ्यास कराया गया।
निचलौल तहसील के ग्राम गेरहवन में नाव पलटने की काल्पनिक घटना के तहत खोज एवं बचाव अभियान चलाया गया। बचाव दलों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रदर्शन किया।
वहीं नौतनवा तहसील परिसर में बाढ़ के कारण अवसंरचना ध्वस्त होने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। आपदा प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों को प्रदर्शित किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान जिला आपदा परिचालन केंद्र (DEOC) को सक्रिय रखते हुए Incident Response System (IRS) के अनुरूप सभी विभागों ने समन्वित कार्यवाही की। 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ गोरखपुर, पीएसी फ्लड टीम, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व एवं अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू, राहत वितरण और आपदा प्रबंधन की कार्यवाही को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
जिलाधिकारी ने सभी स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा में पाया गया कि सभी परिदृश्यों में प्रभावित व्यक्तियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया तथा राहत एवं बचाव कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हुए।
शासन स्तर पर आयोजित ब्रीफिंग सत्र में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इसमें विभिन्न विभागों के समन्वय, संसाधनों के उपयोग और प्रतिक्रिया समय की जानकारी साझा की गई। शासन स्तर पर भी महराजगंज की तैयारियों की सराहना की गई और मॉक ड्रिल को पूरी तरह सफल एवं व्यवस्थित बताया गया।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी सहभागी विभागों और एजेंसियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि “ऐसे अभ्यास वास्तविक आपदा के समय त्वरित, प्रभावी और जीवन रक्षक प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
“बाढ़ आने से पहले बजा अलर्ट का बिगुल, महराजगंज ने दिखाया आपदा से लड़ने का पूरा दमखम”










