Home / Uncategorized / कानपुर देहात में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 14 लाख रुपये का मसाला जब्त

कानपुर देहात में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 14 लाख रुपये का मसाला जब्त

पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी

कानपुर देहात में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मसाला निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान लगभग 14 लाख रुपये मूल्य का 66 क्विंटल मसाला पाउडर जब्त किया गया, जबकि जांच के लिए 10 नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार जिले में मसाला कारोबार से जुड़ी यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

यह अभियान आयुक्त खाद्य विभाग उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी कपिल सिंह के आदेश पर चलाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

सहायक आयुक्त खाद्य राम अवतार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने जैनपुर स्थित वूल्वरिन फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में छापा मारा। निरीक्षण के दौरान मिर्च, धनिया, हल्दी, तेजपत्ता और गरम मसाला समेत विभिन्न उत्पादों के कुल आठ नमूने लिए गए। साथ ही करीब 66 क्विंटल मसाला पाउडर को जब्त कर जांच पूरी होने तक अपने नियंत्रण में ले लिया गया।

वहीं, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वी.के. पाण्डेय के नेतृत्व में दूसरी टीम ने रनियां स्थित अचिता इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में जांच की, जहां से दो नमूने संग्रहित किए गए। दोनों इकाइयों से लिए गए कुल 10 नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मसाला कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य राम अवतार सिंह ने कहा कि मिलावटखोरी के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *