Home / Uncategorized / जिला मुख्यालय में दिव्यांग राहुल कुमार को मिली ट्राई साइकिल, भावुक हुए लाभार्थी

जिला मुख्यालय में दिव्यांग राहुल कुमार को मिली ट्राई साइकिल, भावुक हुए लाभार्थी

पूर्वाचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र। जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान उस समय भावुक क्षण देखने को मिला, जब जिलाधिकारी सोनभद्र चर्चित गौड़ ने दोनों पैरों से दिव्यांग राहुल कुमार को ट्राई साइकिल प्रदान की।

राहुल कुमार, पुत्र रतन प्रसाद, निवासी चोपन मार्केट, सब्जी मंडी के पास, लंबे समय से आवागमन संबंधी कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। जनसुनवाई के दौरान उनकी समस्या जिलाधिकारी के संज्ञान में आने पर तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई।

ट्राई साइकिल प्राप्त करते ही राहुल के चेहरे पर खुशी झलक उठी और उनकी आंखें नम हो गईं। दोनों पैरों से दिव्यांग होने के कारण उन्हें दैनिक कार्यों और आवागमन में काफी परेशानी होती थी। सहायता मिलने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए केवल एक साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। अब वे अपने दैनिक कार्य पहले की अपेक्षा अधिक सुगमता से कर सकेंगे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शासन की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र दिव्यांगजनों को शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी इस मानवीय पहल की सराहना की। यह पहल प्रशासन की संवेदनशीलता एवं जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *