अमृतसर, 13 जून– (राजू वालिया) – प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित गोल्डी शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय पीली कॉलोनी खंडवाला में 9 जून से 15 जून तक आयोजित श्री मद भागवत कथा समारोह के दौरान श्री कृष्ण जन्मोत्सव बड़े श्रद्धा भाव, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक वातावरण में भक्ति रस की अद्भुत छटा देखने को मिली। दूर-दराज और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम को सफल बनाया। इस समारोह के दौरान पहुंचे भजन गायकों एवं कीर्तन मंडलियों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की महिमा से संबंधित मधुर भजनों और भक्तिमय प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्ति संगीत की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष करते हुए झूम उठे। भक्तिमय वातावरण ने उपस्थित संगत को नृत्य करने और प्रभु भक्ति में लीन होने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा को संबोधित करते हुए प्रसिद्ध कथावाचक पंडित गोल्डी शर्मा ने अपने प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण के जीवन, उनकी दिव्य लीलाओं तथा राधारानी के अलौकिक प्रेम का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्री मद भागवत कथा मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य ग्रंथ है, जो हमें भक्ति, सेवा, सत्य और मानवता का संदेश देता है। पंडित गोल्डी शर्मा ने कहा कि “भगवान श्रीकृष्ण का अवतार धर्म की स्थापना, अधर्म के विनाश और भक्तों की रक्षा के लिए हुआ था। उनका संपूर्ण जीवन मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं हमें निष्कपटता और प्रेम का संदेश देती हैं, जबकि श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश कर्मयोग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है।”उन्होंने आगे कहा कि “राधा रानी का प्रेम निस्वार्थ भक्ति का सर्वोच्च प्रतीक है”। जो व्यक्ति राधा-कृष्ण के चरणों से जुड़ जाता है, उसका जीवन सुखमय और सफल बन जाता है। श्रीमद्भागवत कथा का मुख्य उद्देश्य मनुष्य को ईश्वर से जोड़ना और उसके भीतर आध्यात्मिक चेतना का जागरण करना है। कथा के दौरान पंडित गोल्डी शर्मा द्वारा सुनाई गई भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की मनमोहक कथाओं ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम इतना अलौकिक और भक्तिमय बन गया कि उपस्थित श्रद्धालु प्रभु प्रेम में डूबकर झूमने लगे और पूरा पंडाल भक्ति रस से सराबोर हो गया अंत में समस्त श्रद्धालुओं ने श्री कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां साझा करते हुए पंडित गोल्डी शर्मा का आभार व्यक्त किया तथा कथा समारोह की सफलता के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, आयोजन समिति के सदस्य तथा क्षेत्र की अनेक गणमान्य हस्तियां उपस्थित थीं।
श्री मद भागवत कथा समारोह के दौरान श्री कृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया










