Home / Uncategorized / अपना दल (एस) की मासिक बैठक पिपरी नगर पंचायत में संपन्न, संजय सोनी बने जिला सचिव एवं पूर्वी जोन प्रभारी

अपना दल (एस) की मासिक बैठक पिपरी नगर पंचायत में संपन्न, संजय सोनी बने जिला सचिव एवं पूर्वी जोन प्रभारी

पूर्वाचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र/रेणुकूट, 12 जून 2026। अपना दल (एस) की मासिक बैठक रेणुकूट स्थित पिपरी नगर पंचायत में श्री राजीव लोचन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में ओबरा विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं सह प्रभारी श्री दुर्गेश चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान समाजसेवी श्री संजय सोनी को अपना दल (एस) का जिला सचिव एवं पूर्वी जोन प्रभारी (रेणुकूट) नियुक्त किए जाने पर कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ माल्यार्पण एवं मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीति सिंह राजपूत ने उन्हें नीला-केसरिया अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन के सेक्टर गठन को गति देना था। इस अवसर पर 15 जून को सेक्टर स्तरीय बैठकों के आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही 2 जुलाई को लखनऊ में आयोजित होने वाले स्वर्गीय डॉक्टर सोने लाल पटेल के स्वाभिमान दिवस कार्यक्रम में सोनभद्र से अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी से जोड़ने एवं संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

नवनियुक्त जिला सचिव एवं पूर्वी जोन प्रभारी संजय सोनी ने कहा कि अपना दल (एस) एक राजनीतिक दल के साथ-साथ एक परिवार भी है, जहां जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी को सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल की विचारधारा से प्रेरित होकर स्वेच्छा से पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने जिला अध्यक्ष अंजनी पटेल एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीति सिंह राजपूत का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीति सिंह राजपूत ने कहा कि अपना दल (एस) केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के सुख-दुख में सहभागी बनने तथा जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज बुलंद करती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने की अपील की।

बैठक के दौरान सह प्रभारी दुर्गेश चौबे के नेतृत्व में पिपरी क्षेत्र के तीन लोगों ने अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण की। इनमें अल्पसंख्यक समाज के सम्मानित व्यक्ति युसूफ खान एवं समीर खान प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम में जोन अध्यक्ष रामलोचन श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष विजय मिश्रा, छात्र मंच अध्यक्ष नितेश यादव, युवा मंच अध्यक्ष गौरव सिंह, मीडिया सचिव रजत मिश्रा, पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान प्रधान रामसजीवन मकर, महिला मंच अध्यक्ष रीता चौरसिया, उपाध्यक्ष गीता चौधरी, संस्कृत मंच अध्यक्ष कुसुम चौरसिया, जोन महासचिव संतोष पटेल, सक्रिय सदस्य गोपाल सिंह राजपूत, युसूफ खान, समीर खान तथा अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *