चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में गंगा नदी के किनारे स्थित तीन मंदिरों को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर सरजू दास कुटी, वीर बाबा, भगवान शंकर और हनुमान जी के मंदिरों से लगभग 100 ग्राम चांदी के मुकुट और करीब 100 किलोग्राम वजनी घंटा सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।
बाबा सरजू दास कुटी के पुजारी धनेश प्रजापति ने बताया कि रविवार सुबह जब वे प्रतिदिन की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो तीनों मंदिरों से मुकुट, घंटा, फूल के लोटा, बाल्टी और भोग लगाने वाले बर्तन गायब मिले। बर्तनों के अभाव में उन्हें बिना बर्तन के ही भोग लगाना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और 112 नंबर पर कॉल कर घटना से अवगत कराया।
गंगा तट पर स्थित प्राचीन धार्मिक स्थलों में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। एक ही रात में तीन मंदिरों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ समय से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं रुकी हुई थीं।
इस संबंध में धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि नरौली गंगा घाट किनारे मंदिरों में हुई चोरी की घटना की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में गंगा नदी के किनारे स्थित तीन मंदिरों को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया










