Home / Uncategorized / खनन माफियाओं पर पनियरा पुलिस का शिकंजा, अवैध बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

खनन माफियाओं पर पनियरा पुलिस का शिकंजा, अवैध बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा

महराजगंज। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पनियरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में अवैध खनन और उसके परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार तड़के थाना पनियरा पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग अभियान पर थी।
रात्रि लगभग 1:46 बजे ग्राम चंदनचाफी-बभनौली क्षेत्र में पुलिस को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में अवैध खनन सामग्री का परिवहन करते हुए दिखाई दी। पुलिस ने तत्काल वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके तथा अवैध खनन किए जाने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन, परिवहन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गणेश कुमार सिंह, कांस्टेबल मनोज गुप्ता एवं कांस्टेबल सौरभ वर्मा की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *