पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना नौतनवां परिसर में पीस कमेटी (शांति समिति) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी नौतनवां एवं तहसीलदार नौतनवां ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित करते हुए मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और आमजन की साझा जिम्मेदारी है। क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया गया ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में विशेष रूप से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर लोगों को सतर्क किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की असत्यापित खबर, भड़काऊ संदेश या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट को साझा न करें। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में शांति, सद्भाव और भाईचारे का माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया।
मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, नौतनवां में पीस कमेटी की बैठक संपन्न










