Home / Uncategorized / अवैध खनन पर सिंदुरिया पुलिस का बड़ा प्रहार, मिट्टी खनन में लगा ट्रैक्टर-लोडर सीज

अवैध खनन पर सिंदुरिया पुलिस का बड़ा प्रहार, मिट्टी खनन में लगा ट्रैक्टर-लोडर सीज

परसामीर में कार्रवाई, खनन विभाग को भेजी गई रिपोर्ट; मचा हड़कंप
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा

महराजगंज। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दि 15. 06.2026को थाना सिंदुरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी के अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-लोडर वाहन को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में सोमवार को उपनिरीक्षक मिथलेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान ग्राम परसामीर में एक न्यू हॉलैण्ड ट्रैक्टर-लोडर को अवैध रूप से मिट्टी खनन करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस टीम ने वाहन चालक से वाहन एवं खनन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर वाहन संख्या UP56AQ1924 मय लोडर को थाना परिसर लाकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
पुलिस द्वारा मामले की पृथक आख्या तैयार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए खनन विभाग को भी रिपोर्ट भेज दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मिथलेश कुमार, कांस्टेबल अभिमन्यु खरवार एवं कांस्टेबल आदर्श सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *