Home / Uncategorized / प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से फैली सनसनी, बुजुर्ग और दो महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर मारा, पूरे घर में फैला मिला खून

प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से फैली सनसनी, बुजुर्ग और दो महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर मारा, पूरे घर में फैला मिला खून

प्रयागराज | विशेष रिपोर्ट

प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। वारदात के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू और उनके दो भाइयों की पत्नियों के रूप में हुई है। तीनों के शव घर के आहाते से लेकर बाहर तक खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने किसी भारी धारदार या कुंद हथियार से सिर पर वार कर हत्या की है। 

बुजुर्ग और दो महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर मारा, पूरे घर में फैला मिला खून

मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने परिवार के बुजुग पुरुष और दो उम्रदराज महिलाओं की बेरहमी से हत्या कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। आरोपियों ने पीड़ितों को दौड़ा-दौड़ाकर हमला किया। सभी मृतकों के सिर और शरीर पर धारदार अथवा भारी हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं। घर के आंगन, हैडपंप लेकर बाहर तक खून फैला हुआ है जिससे वारदात की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 

घर के अंदर से बाहर तक बिखरे मिले शव

मंगलवार सुबह जब आसपास के लोग जागे तो घर के बाहर खून और शव देखकर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावरों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों का पीछा करते हुए हमला किया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृतकों ने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें नहीं छोड़ा।

चौथा सदस्य बचा, मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही महिला

घटना के समय घर में कुल चार लोग मौजूद थे। इनमें लगभग 60 वर्षीय एक महिला भी थीं, जो सुरक्षित मिली हैं। पुलिस के मुताबिक महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही हैं। उनसे पूछताछ की कोशिश की जा रही है, हालांकि अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं मृतकों के परिजन

बताया जा रहा है कि श्यामलाल गुप्ता के दोनों भाई रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों को खबर दे दी गई है और उनके गांव पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

हत्या के पीछे क्या है वजह?

फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जमीन विवाद, पारिवारिक रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

मेजा थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस जघन्य ट्रिपल मर्डर ने कुकुरकटवा गांव समेत पूरे प्रयागराज जिले में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग घटना के पीछे की सच्चाई जानने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *