अवैध असलहे, कारतूस, चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चोलापुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार को कटारी ब्लॉक के पीछे स्थित अंडरपास के पास से सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में रैचनपुर निवासी अखिलेश उर्फ मोनू राजभर (27), अटेसुआ निवासी अरुण राजभर (21), धौरहरा (चौबेपुर) निवासी हिमांशु कुमार उर्फ सनी (28), शिवरामपुर निवासी आभाष सिंह (23), नेहियां निवासी विशाल सिंह (19), गोसाईंपुर मोहांव निवासी अनिकेत चौहान (20) तथा गुरवट निवासी नमन मिश्रा उर्फ अस्तीशू (25) शामिल हैं।
रिवाल्वर, पिस्टल और तमंचा सहित अलग अलग बोर के कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक .32 बोर रिवाल्वर, छह जिंदा कारतूस (.32 बोर), एक 7.65 एमएम पिस्टल व दो कारतूस, एक .315 बोर तमंचा व तीन कारतूस, एक 9 एमएम पिस्टल व दो जिंदा कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल तथा विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अवैध हथियार अपने पास रखते थे और लोगों को डराकर चोरी, छिनैती तथा लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। साथ ही अधिक पैसा मिलने पर तमंचा, पिस्टल और कारतूस बेचने का भी काम करते थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य किसी बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे हैं, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में चोलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, पुरुषोत्तम लाल, महिला उपनिरीक्षक संध्या जायसवाल, हेड कांस्टेबल अनुनेष कुमार सिंह, मो. शकील अहमद, अवधराज यादव, कांस्टेबल विकास कुमार, अविनाश शर्मा, सूरज सरोज, रिजर्व कांस्टेबल अंगद शामिल रहे। वहीं एसओजी टीम में प्रभारी गौरव कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल चालक कृष्णानंद पाण्डेय, कांस्टेबल अवनीश कुमार पाण्डेय, मयंक त्रिपाठी, मनीष बघेल और अंकित मिश्रा शामिल रहे।









