चंदौली जिले के धानापुर थाना परिसर में मंगलवार को मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन की देखरेख में हुई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, ताजियेदारों, अखाड़ा कमेटी के सदस्यों और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने भाग लिया।
इस दौरान मोहर्रम से संबंधित समस्याओं, आपसी भाईचारा, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने शांतिपूर्वक मोहर्रम मनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान ताजिया जुलूस केवल पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे। किसी भी नई परंपरा या मार्ग परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर ताजियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा के भीतर रखने की अपील की, ताकि बिजली के तारों से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
सेन ने सभी से शांतिपूर्वक त्यौहार मनाने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि त्यौहार में किसी भी तरह का उत्पात मचाने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मोहर्रम को लेकर काफी मुस्तैद है और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मोहर्रम में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी मोहर्रम मार्गों पर पुरुष के साथ ही महिला पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति में अराजकता न फैले और त्यौहार शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
इस मौके पर मुख्य रूप से सिराजुद्दीन भुट्टो, गुड्डू खान, सरफुद्दीन अली, राजन खान, कैसर अली, लाल मोहम्मद, उपनिरीक्षक बृजेश मिश्रा, सुबास यादव, गेंदा सिंह, हरिशंकर सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र राय, उपनिरीक्षक सकलैन अली और इंद्रजीत उपस्थित रहे।










