Home / Uncategorized / मोहर्रम को लेकर रेणुकूट चौकी में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

मोहर्रम को लेकर रेणुकूट चौकी में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

पूर्वाचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

सोनभद्र। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेणुकूट पुलिस चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी राजेश चौबे ने की, जबकि संचालन चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने किया। बैठक में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु एवं मोहर्रम कमेटी के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से मोहर्रम के अवसर पर आपसी भाईचारा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। थाना प्रभारी राजेश चौबे ने कहा कि मोहर्रम का पर्व अनुशासन, सद्भाव और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।

उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने बताया कि मोहर्रम के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पुलिस बल लगातार क्षेत्र में गश्त करता रहेगा।

बैठक में मौजूद नागरिकों एवं मोहर्रम कमेटी के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सैयद अली, नौशाद अहमद, ताहिर अहमद, अजीम खान, ताज खान, शेरू खान, अल्ताफ खान, विक्रमा गिरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं समाज के सम्मानित लोग उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *