पूर्वांचल राज्य गाजीपुर (भांवरकोल)
स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा कबीर के गांव में इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गांव में पानी की निकासी का कोई उचित प्रबंध न होने के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। ग्रामीणों की बार-बार गुहार के बावजूद जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं और कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
इस प्रशासनिक और पंचायत स्तर की अव्यवस्था का सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य परिखा पासवान के घर के ठीक सामने भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब एक जनप्रतिनिधि के घर के सामने का यह हाल है, तो आम जनता की दुर्दशा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। पूरी ग्राम सभा का पानी यहीं आकर इकट्ठा हो रहा है, जिससे इलाके में गंभीर संक्रामक बीमारियों के फैलने का भय बना हुआ है।
जनप्रतिनिधियों की इस उदासीनता से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। समस्या का त्वरित समाधान न होने की स्थिति में गांव वालों ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। नाराजगी जताने वाले प्रमुख ग्रामीणों में मुख्य रूप से शामिल हैं ,हरिकृष्ण उपाध्याय ,हरख ,हनुमान यादव,अशोक,बिरेंद्र और अयोध्या उपाध्याय उपस्थित रहे।
इन सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ही इस जलभराव की समस्या का निस्तारण नहीं किया गया, तो पूरा गांव एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। प्रशासन को समय रहते इस ओर ध्यान देने की सख्त आवश्यकता है।
जल निकासी न होने से ग्रामीणों का जीना मुहाल, बीमारियों की आशंका अनदेखी पर दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी










