भात मांगने जा रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार, 3 घायल; दो ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार
बदायूं | उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शादी की तैयारियों के बीच खुशियों से भरा एक परिवार उस समय मातम में डूब गया जब भात मांगने जा रही महिलाओं से भरे ई-रिक्शा को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में दूल्हे की मां, बहन, दो भाभियों समेत कुल छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो ट्रैक्टर आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए आगे निकल गया।
शादी से पहले भात मांगने निकला था परिवार
मुरावन नगला गांव निवासी डालचंद्र के सबसे छोटे बेटे कुंवर पाल की शादी 29 जून को तय थी। शादी की रस्मों के तहत परिवार की महिलाएं भात मांगने के लिए राजकुमारी के मायके गठौना गांव जा रही थीं।
परिजनों के अनुसार ई-रिक्शा में कुल 9 लोग सवार थे। महिलाएं ढोलक और मजीरा लेकर निकली थीं और रास्ते भर शादी के गीत गा रही थीं। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
हादसे में इन महिलाओं की गई जान
हादसे में मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- राजकुमारी (50) – दूल्हे की मां
- नारायणी (30) – दूल्हे की बहन
- रेवती (80) – परिवार की जेठानी
- गंगाश्री (30) – बहू
- सरला (32) – परिवार की सदस्य
- प्रेमावती (32) – पड़ोसी महिला
पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
रेस लगा रहे थे ट्रैक्टर, मची चीख-पुकार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मक्का बेचकर लौट रहे दो ट्रैक्टर चालक सड़क पर रेस लगा रहे थे। हाईवे निर्माण कार्य के चलते एक ही लेन चालू थी। इसी दौरान ई-रिक्शा ट्रैक्टरों की चपेट में आ गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिलाएं ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गईं। सड़क पर करीब 10 फीट तक शव और सामान बिखर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रशासन हरकत में, दोनों चालक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और दोनों ट्रैक्टर चालकों को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
प्रभारी मंत्री ने जताया दुख
प्रदेश के प्रभारी मंत्री अरुण सक्सेना ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों का बेहतर इलाज कराया जाएगा। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
एक पल में उजड़ गईं शादी की खुशियां
परिवार के सदस्य नन्हे ने बताया कि घर में शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही थीं। महिलाएं खुशी-खुशी गीत गाते हुए भात मांगने निकली थीं, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
29 जून को जिस घर से शहनाई बजनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। गांव में हर आंख नम है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।









