Home / Uncategorized / सोनभद्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शिवाजी मिनी स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब, स्वस्थ जीवन का दिया गया संदेश

सोनभद्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शिवाजी मिनी स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब, स्वस्थ जीवन का दिया गया संदेश

सोनभद्र | पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर “करें योग, रहें निरोग” अभियान के तहत शिवाजी मिनी स्टेडियम, रॉबर्ट्सगंज में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, माताओं-बहनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद एवं सभासदों के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। लगभग एक घंटे तक चले योग सत्र ने प्रतिभागियों को नई ऊर्जा, स्फूर्ति एवं सकारात्मकता से भर दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सफल जीवन जीने की उत्कृष्ट जीवनशैली है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नई दिशा प्रदान करता है।

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवन दर्शन का अमूल्य उपहार है। यह शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यह विश्वभर में भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बन चुका है।

अनीता गुप्ता ने कहा कि सभी नागरिकों को नियमित योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए, जिससे स्वस्थ भारत और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दिया जा सके। उन्होंने “योग से निरोग, योग से समृद्ध और योग से विकसित भारत” के संकल्प को दोहराया।

योग प्रशिक्षक प्राची तिवारी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि योग दिवस का उद्देश्य विश्वभर में योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के प्रति जागरूकता फैलाना है।

उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किए जाने के बाद से पूरे विश्व में योग के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है। नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, पाचन तंत्र को मजबूत बनाने तथा शरीर में लचीलापन बढ़ाने में सहायक है।

कार्यक्रम में विनय श्रीवास्तव, ब्रजेश पाठक, कृष्ण मुरारी गुप्ता, विमलेश त्रिपाठी, धीरेन्द्र पाण्डेय, प्रदीप भारतीय, कीर्ति पाण्डेय, ब्रजभूषण तिवारी, ब्रजेश सिंह, शशांक त्रिपाठी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *