Home / Uncategorized / गायत्री शक्तिपीठ अमरुतिया में श्रद्धा और भक्ति का महासंगम, यज्ञ-दीप महायज्ञ के साथ मनाई गई गुरुदेव स्मृति एवं गायत्री जयंती

गायत्री शक्तिपीठ अमरुतिया में श्रद्धा और भक्ति का महासंगम, यज्ञ-दीप महायज्ञ के साथ मनाई गई गुरुदेव स्मृति एवं गायत्री जयंती

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के महाप्रयाण दिवस, गायत्री जयंती एवं गंगा दशहरा पर्व के पावन अवसर पर बुधवार को गायत्री शक्तिपीठ अमरुतिया में भक्ति, साधना और आध्यात्मिक चेतना का भव्य आयोजन किया गया। पूरे दिन चले धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीन कुंडीय गायत्री महायज्ञ से हुआ। यज्ञ में उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुति अर्पित कर विश्व शांति, मानव कल्याण तथा सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम का संचालन शांतिकुंज हरिद्वार से अखंड दीप कलश यात्रा के साथ पहुंचे आचार्यगणों द्वारा विधि-विधान से कराया गया।
आचार्यों ने अपने संबोधन में गायत्री मंत्र की महत्ता, गंगा दशहरा के आध्यात्मिक महत्व तथा युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गायत्री साधना और यज्ञीय जीवनशैली से व्यक्ति, परिवार और समाज का समग्र उत्थान संभव है।
संध्याकाल में विराट दीप महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों दीपों की रोशनी से पूरा शक्तिपीठ परिसर आलोकित हो उठा। दीपों की जगमगाहट और भक्ति गीतों के बीच वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक और भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर राष्ट्र एवं समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पूर्णाहुति सम्पन्न कराई गई, जिसके बाद सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद एवं भोजन प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों, गायत्री परिवार के परिजनों एवं श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
गायत्री शक्तिपीठ अमरुतिया में आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम ने श्रद्धा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का अनूठा संदेश देते हुए सभी को भावविभोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *